मुख्य खबर
एकता ने जकार्ता इंडोनेशिया में एशियन पैरा गेम्स-2018 में चौथा स्वर्ण पदक जीत देश का नाम किया रोशन
Varsha
/10/10/2018 9:45:18 PM
चंडीगढ़, 10 अक्तूबर। हरियाणा की एक और महिला खिलाड़ी एकता भ्याण ने जकार्ता इंडोनेशिया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स-2018 में भारत का चौथा स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज जकार्ता इंडोनेशिया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स-2018 में महिलाओं की क्लब थ्रो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर हरियाणा की लडक़ी एकता भ्याण को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आपने शानदार प्रदर्शन करके राष्ट्र का नाम रोशन किया है।’’ एशियन पैरा गेम्स-2018 में एकता भ्याण ने भारत का चौथा स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है। उन्होंने महिलाओं के क्लब थ्रो इंवेट में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। एकता ने अपने चौथे प्रयास में 16.02 मीटर थ्रो करके प्रतियोगिता एफ 32/51 से जीती। एकता यू.ए.ई. की अल्काबी थेकरा, जिन्होंने 15.75 मीटर थ्रो किया, से आगे थी। एशियन पैरा खेलों में पैरा एथलिटिक्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली एकता हरियाणा की पहली व भारत की दूसरी महिला खिलाड़ी हैं। इससे पूर्व उन्होंने टयूनीशिया में आयोजित वल्र्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रान्ड प्रीक्स में क्लब थ्रो और डिसकस थ्रो में एक स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक जीता। अब वे टोकियो पैराओलम्पिकस-2020 में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने पर निशाना लगा रही हैं।